कुनिहार (सोलन)। कुनिहार के न्यू बस स्टैंड में चल रहे मरम्मत कार्य के दौरान शनिवार को हुई हल्की बारिश ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी। मरम्मत के चलते छत में किए गए अस्थायी छेदों से बारिश का पानी सीधे बस स्टैंड परिसर में घुस गया, जिससे प्रतीक्षालय सहित कई स्थानों पर जलभराव हो गया। बसों का इंतजार कर रहे यात्रियों को पानी में खड़े होकर या भीगते हुए बसों का इंतजार करना पड़ा। स्थानीय लोगों और व्यापारियों का कहना है कि बस स्टैंड में पिछले करीब एक माह से मरम्मत कार्य चल रहा है, लेकिन अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। परिसर में पड़ी निर्माण सामग्री के कारण यात्रियों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। लोगों का आरोप है कि बारिश के मौसम में अधूरे निर्माण कार्य के चलते बस स्टैंड की स्थिति और खराब हो गई है, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उधर, हिमाचल पथ परिवहन निगम सोलन के क्षेत्रीय प्रबंधक एसपी राजपूत ने बताया कि ठेकेदार को कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्य जल्द पूरा कर यात्रियों को राहत प्रदान की जाएगी और लोगों से सहयोग बनाए रखने की अपील की गई है।
मरम्मत के दौरान कुनिहार बस अड्डे की छत पर किया गया छेद। संवाद