विश्व धरोहर कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर कंडाघाट के पास आया मलबा। संवाद
कंडाघाट(सोलन)। कालका-शिमला विश्व धरोहर रेल लाइन पर सोलन से शिमला के बीच चलने वाली ट्रेन के पहिये भी थम गए हैं। कंडाघाट के समीप हुए भूस्खलन के कारण यह ट्रेन नहीं चल सकी। कंडाघाट हनुमान सिद्धपीठ परिसर और इसके नीचे के क्षेत्र में कई दिनों से भूस्खलन हो रहा है। परिसर में आठ से पंद्रह फीट की दरारें नजर आ रही हैं। वहीं सिद्धपीठ के ठीक नीचे करीब 25 मीटर गुजर रही रेलवे लाइन तक का क्षेत्र धंसने का अंदेशा बना हुआ है। शनिवार को मलबा और पत्थर रेलवे ट्रैक पर आने से रेल आवाजाही फिर बंद हो गई है। गौरतलब है कि कालका से सोलन के बीच ट्रेनों की आवाजाही पहले ही बंद पड़ी है।