संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़(सोलन)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बॉयज व गर्ल्स) नालागढ़ में रोटरी क्लब नालागढ़ ने हिट बुल्स आई चंडीगढ़ के सहयोग से एक कॅरिअर काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र का उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य में उपलब्ध कॅरिअर विकल्पों एवं संभावनाओं के बारे में मार्गदर्शन देना था। कार्यक्रम के दौरान हिट बुल्स आई चंडीगढ़ की टीम से ईश्वर सिंह संधू और राजेश इंदोरिया ने विद्यार्थियों को विभिन्न कॅरिअर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं व भविष्य की संभावनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। सत्र को विद्यार्थियों ने बड़े ध्यानपूर्वक सुना। इसके अतिरिक्त प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को कॅरिअर के बारे में उपयोगी पुस्तकें भी प्रदान की गईं। रोटरी क्लब के अध्यक्ष करुणिंद्र बस्सी ने कहा कि क्लब का सदैव प्रयास रहता है कि समाज के युवा वर्ग को सही दिशा और मार्गदर्शन मिल सके। इस सत्र में 450 लड़कों और 480 लड़कियों ने भाग लिया।