सोलन। जिले के परवाणू, नालागढ़, बद्दी और बरोटीवाला में डेंगू के बढ़ते मामलो में कमी लाने के लिए उपायुक्त ने सभी विभागों के अधिकारियों को उचित कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को उपायुक्त ने जिला स्तरीय कार्यबल समिति की समीक्षा बैठक की।
इसमें डेंगू की रोकथाम के लिए विभिन्न विभागों को उचित प्रचार-प्रसार और कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में डेंगू का प्रभाव अधिक है, उन क्षेत्र में पानी की सप्लाई नियमित दी जाए ताकि लोगों को कम पानी इकट्ठा करना पड़े और डेंगू की ब्रीडिंग साइट कम हो सके।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों के गड्ढे भरने के साथ नालियों को साफ करवाएं, ताकि उनमें पानी इकठ्ठा न हो। नगर निगम सोलन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि डेंगू के प्रभाव को कम करने के लिए नियमित फॉगिंग और स्प्रे करें।
गौर रहे कि जिला के परवाणू में डेंगू अनियंत्रित हो चुका है। यहां अब तक कुल 1060 लोग डेंगू से संक्रमित हो चुके हैं। मंगलवार को भी 60 लोगों के सैंपल लिए गए, जिसमें 30 लोग पॉजिटिव पाए गए। इसी तरह बीबीएन में भी अब तक बीते दो सप्ताह में कुल 60 लोग संक्रमित हो चुके हैं। मंगलवार को 46 लोगों के सैंपल लिए गए थे, इनमें आठ की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। लगातार बढ़ रहे डेंगू को लेकर अब उपायुक्त ने रोकथाम के निर्देश जारी किए हैं।
सीएमओं ने दी डेंगू की जानकारी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजन उप्पल ने बैठक में डेंगू से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डेंगू बुखार एक फ्लू जैसी बीमारी है, जो डेंगू वायरस के कारण होती है। यह तब होता है, जब वायरस वाला एडीज मच्छर किसी स्वस्थ व्यक्ति को काटता है। उन्होंने कहा कि यह मच्छर रुके हुए साफ पानी में होता है। डेंगू के मच्छर का सुबह अथवा दोपहर के समय काटने की संभावनाएं ज्यादा होती है। उन्होंने बताया कि मच्छर कि ब्रीडिंग साइट को खत्म करने के लिए घरों के आसपास पानी इकट्ठा न होने दें, फ्रिज और कूलर के पानी को कम से सप्ताह में एक बार अवश्य बदलें, पीने वाले पानी को ढककर रखें, टायरों और अन्य किसी भी वस्तु मे बरसात का पानी इकठ्ठा न होने दे।
30 सितंबर तक लगवाएं बूस्टर डोज
उपायुक्त ने कहा कि कोविड-19 की बूस्टर डोज 30 सितंबर तक पात्र व्यक्ति सभी सरकारी अस्पतालों निशुल्क वैक्सीनेशन लगा सकते हैं। उन्होंने सभी पात्र लोगों से वैक्सीनेशन लगाने की अपील की ताकि जिले को कोविड मुक्त बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि जिले को क्षयरोग मुक्त बनाने के लिए 12 सितंबर से 2 अक्तूबर तक 21 दिन का क्षयरोग मुक्त जागरूकता अभियान आरंभ किया जा रहा है। इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-द्वार जाकर लोगों से क्षयरोग के बारे में प्रश्नों के माध्यम से जानकारी एकत्रित की जाएगी। बैठक में जिला स्वास्थ्य अधिकारी सोलन डॉ. अमित रंजन तलवाड़, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी सोलन डॉ. प्रवीन शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी आरएस नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।