शिक्षा निदेशक ने धर्मपुर स्कूल में अध्यापकों के साथ की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने राजकीय सीबीएसई आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धर्मपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने सीबीएसई अध्यापकों के साथ बैठक कर स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने अध्यापकों और कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनीं।
प्रधानाचार्य धर्मवीर कौर ने अध्यापकों के साथ शिक्षा निदेशक का स्वागत किया। आशीष कोहली ने कक्षाओं, साइंस लैब, लाइब्रेरी, डिजिटल लाइब्रेरी सहित पूरे परिसर का निरीक्षण किया। इसके बाद प्रधानाचार्य कार्यालय में अध्यापकों और लिपिकीय कर्मचारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी से परिचय प्राप्त किया और प्रधानाचार्य को स्कूल में सीबीएसई का साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। डिजिटल लाइब्रेरी में कंप्यूटर अध्यापकों की तैनाती करने को भी कहा। बैठक में अध्यापकों और कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनके समाधान का निदेशक ने आश्वासन दिया।
शिक्षा निदेशक ने कहा कि सरकारी सीबीएसई स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए प्रचार-प्रसार जरूरी है। सरकारी स्कूलों की फीस निजी स्कूलों की तुलना में कम है। इस सुविधा के बारे में अधिक से अधिक अभिभावकों को जागरूक किया जाना चाहिए। उन्होंने स्कूल के 35 वर्ष पुराने भवन की मरम्मत के लिए आगामी वर्ष में धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया।