इस बार चुनाव में गरमाएगा मैदान का मुद्दा, पार्किंग की भेंट चढ़ा ऐतिहासिक चाैगान मैदान
योगेश शर्मा
अर्की (सोलन)। अर्की मुख्यालय में खेल मैदान के अभाव से युवाओं का खेल में कॅरिअर नहीं बन पा रहा है। पंचायत से लेकर विधानसभा चुनाव तक इसके वादे किए जाते हैं, मगर आज तक न तो किसी प्रत्याशी ने इसके लिए कुछ किया और न ही सरकारों ने। वादे केवल कागजों तक ही सीमित होकर रह गए। स्थानीय युवा आज भी इसी आस में बैठे हैं कि खेलकूद मैदान बनेगा, जिसके बाद यहां खेलों के आयोजन हो सकेंगे। वहीं इस बार चुनाव में युवा इस मुद्दे को लेकर भी मतदान का मन बना रहे हैं। हालांकि शहर के बीचोबीच राजाओं के शासनकाल से ऐतिहासिक चाैगान मैदान बना है, जिसमें करीब तीन दशकों तक खेल प्रतियोगिता होती थी, यही नहीं क्रिकेट टूर्नामेंट के अलावा यहां विद्यालयों की ओर से आयोजित फुटबाल टूर्नामेंट जैसे आयोजन भी हुआ करते थे, लेकिन बदलते समय के बाद मैदान के चारों ओर भवनों का निर्माण हो गया और यह मैदान पार्किंग की भेंट चढ़ गया। आज यहां पर बच्चे खेलते हुए नहीं दिखाई देते। यहां पर गाड़ियां ही गाड़ियां चारों तरफ नजर आएंगी। हालांकि सरकारों के नुमाईंदे हर मंच से नशा दूर रहने के लिए व खेलकूद प्रतियोगिताओं के प्रति उत्साह बढ़ाने के लिए प्रेरित करते हैं, लेकिन धरातल पर ग्राउंड जैसी व्यवस्था को देने में आज भी नाकाम साबित हो रहे हैं। संवाद
2019 में वीरभद्र सिंह ने दिया था आश्वासन
वर्ष 2019 में तत्कालीन पूर्व मुख्यमंत्री व अर्की विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने आश्वासन दिया था कि जल्द ही शहर से सटे अर्की मांझू सड़क के किनारे लाखों की राशि से भव्य खेल मैदान का निर्माण किया जाएगा, जिससे युवाओं में खेलकूद प्रतियोगिता के प्रति उत्साहित किया जाएगा। यही नहीं मौजूदा विधायक संजय अवस्थी ने भी कई मंचों से यहां पर क्रिकेट अकादमी खोलने को लेकर युवाओं को आश्वस्त कर चुके हैं, लेकिन निर्माण कार्य न होकर बल्कि घोषणाओं तक ही रह गया और आज भी अर्की मुख्यालय में कोई खेल मैदान नहीं बन सका। यही वजह है कि स्थानीय युवाओं को क्रिकेट जैसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए उन्हें शालाघाट, डुमैहर या फिर कुनिहार की ओर जाना पड़ता है। बता दें अर्की क्षेत्र से युवा खिलाड़ी हिमाचल प्रदेश की टीमों का हिस्सा बन कर क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। इसकी तैयारी के लिए उन्हें अन्य राज्यों की ओर रुख करना पड़ता है।
क्रिकेट अकादमी बनाएंगे : संजय अवस्थी
उधर, इस बारे में स्थानीय विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि जल्द ही वह जगह का चयन कर यहां पर क्रिकेट अकादमी बनाएंगे, ताकि स्थानीय युवा क्रिकेट में अपना हुनर तराश सकें।