संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू (सोलन)। लघु उद्योग भारती की परवाणू चैप्टर की बैठक प्रदेशाध्यक्ष हरबंस पटियाल की अध्यक्षता में उद्योग विभाग परवाणू के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में परवाणू के मुख्य मुद्दों व समस्याओं पर चर्चा की गई। वहीं बद्दी में आयोजित होने जा रहे लघु उद्योग भारती के स्थापना दिवस समारोह बारे भी सदस्यों में विचार-विमर्श हुआ। इस दौरान परवाणू से उद्योगों के हो रहे पलायन पर चिंता व्यक्त की गई। प्रदेशाध्यक्ष हरबंस पटियाल ने कहा की लघु उद्योग भारती प्रदेश स्तर पर इस बारे में सरकार से बात करेगी व उद्योगों को यहां जो समस्याएं आ रही हैं उसे प्रदेश सरकार के समक्ष रखेगी। परवाणू में पानी की बढ़ती दरों पर भी सदस्यों ने चिंता जाहिर की। इस दौरान निर्णय लिया गया कि जल्द ही लघु उद्योग भारती का एक प्रतिनिधिमंडल इस बारे जलशक्ति विभाग के उच्च अधिकारियों से मिलेगा व इस समस्या का हल निकालने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, परवाणू चैप्टर ने मांग की है कि टिपरा में जो 300 बीघा औद्योगिक जमीन उद्योग विभाग के नाम हुई है। इसमें छोटे-छोटे प्लॉट काटकर एमएसएमई से जुड़े उद्योगपतियों को बिना ऑक्शन के किए दिए जाएं, ताकि लघु उद्योगपति सुचारु रूप से अपने उद्योग चला सके। हरबंस पटियाल ने परवाणू चैप्टर के सदस्यों से 25 अप्रैल को होने जा रहे लघु उद्योग भारती के स्थापना दिवस कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचने की अपील की। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में संस्था से फाउंडर मेंबर्स समेत समाज में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगो को सम्मानित भी किया जाएगा। बैठक में प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिल मोहन अग्रवाल, परवाणू चैप्टर से यूएस मंडयाल, प्रकाश वर्मा, प्रमोद शर्मा, चमन गोयल व अन्य सदस्य मौजूद रहे।