कार्यक्रम में आईं 25 समस्याएं और मांगें, कइयों का मौके पर निपटाया
कंडाघाट के सकोड़ी में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम आयोजित
स्वास्थ्य मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान सुनीं लोगों की समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि वर्तमान सरकार सेवा भावना के साथ कार्य कर जन-जन की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। शुक्रवार को कंडाघाट उपमंडल की ग्राम पंचायत सकोड़ी में ‘सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम’ के तहत लोगों की समस्याओं का निवारण करनेे के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में 25 समस्याएं व मांगें प्राप्त हुईं। इनमें से अधिकांश समस्याओं का निपटारा मौके पर किया गया और शेष को संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनियां भी लगाई गईं। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित निशुल्क शिविर में 75 रोगियों की जांच की गई। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामवासियों की समस्याओं का उनके घरद्वार के समीप निवारण सुनिश्चित बनाया जा रहा है। कहा कि कंडाघाट उपमंडल के क्वारग में 80 करोड़ रुपये की लागत से दिव्यांगजन की शिक्षा के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस निर्मित किया जाएगा।
सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में अधिकतर समस्याएं जलशक्ति, लोक निर्माण विभाग और विद्युत बोर्ड से संबंधित रहीं। डॉ. शांडिल ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि समस्याओं का समयबद्ध निपटारा करें और संवेदनशीलता के साथ लोगों की शिकायतों को सुलझाने के लिए कार्यरत रहें। स्वास्थ्य मंत्री ने ग्राम पंचायत हिन्नर के गांव कुरगल में वेद के घर से हिन्नर तक एंबुलेंस मार्ग के निर्माण के लिए प्रथम किस्त के रूप में 1.5 लाख रुपये स्वीकृत किए। उन्होंने चायल के आसपास आईटीआई खोलने के लिए मामला उच्च स्तर पर उठाने का आश्वासन भी दिया। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को बांजणी में आंगनबाड़ी केंद्र खोलने के लिए सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कल्होग से बाशा-बगेटू-कैथलीघाट मार्ग को जोड़ने के संबंध में उचित निर्देश जारी किए।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत सकोड़ी के प्रधान सुरेश ठाकुर, ग्राम पंचायत धंगील के प्रधान बलवीर, ग्राम पंचायत बांजणी के प्रधान महेंद्र सिंह, ग्राम पंचायत चायल की प्रधान ऊषा शर्मा, ग्राम पंचायत रहेड़ की प्रधान मीरा, ग्राम पंचायत नगाली की प्रधान कौशल्या, ग्राम पंचायत झाजा की प्रधान पुष्पा ठाकुर, ग्राम पंचायत तुंदल की प्रधान चित्रलेखा, ग्राम पंचायत बाशा के प्रधान चंदन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।