बद्दी में हिंदू सम्मेलन के दौरान मौजूद लोग। संवाद
बद्दी में आयोजित हिंदू सम्मेलन में बोलीं विश्व हिंदू परिषद की नेता
हिंदुओं को एकजुट होने का भी दिया परिचय
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की नेता और अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की सदस्य साध्वी प्राची ने बद्दी में आयोजित विशाल हिंदू सम्मेलन में बड़ा बयान दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि भारत को अविलंब हिंदू राष्ट्र घोषित किया जाए। साध्वी ने कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए यदि इंदिरा गांधी की तरह देश में आपातकाल भी लगाना पड़े, तो सरकार को पीछे नहीं हटना चाहिए। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित इस सम्मेलन में साध्वी प्राची ने दो बच्चों के कानून को देश में सख्ती से लागू करने की वकालत की। उन्होंने कहा कि देश के भविष्य के लिए जनसंख्या संतुलन बेहद जरूरी है। उन्होंने हिंदू परिवारों को एकजुट होने और अपनी सनातन परंपराओं को जीवित रखने का आह्वान किया। साध्वी ने कहा कि संघ के गठन की अवधारणा से हिंदू समाज में नई चेतना आई है। उन्होंने कहा, एक समय था जब लोग खुद को हिंदू कहने से कतराते थे, लेकिन आज हर कोई गर्व से अपना परिचय देता है। हालांकि, संघ का हिंदू समाज को पूरी तरह संगठित करने का लक्ष्य अभी अधूरा है, जिसे पूरा करने के लिए हम सबको मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि संघ के पंच परिवर्तन को भी हर समय ध्यान में रखना होगा।