शिक्षा विभाग ने निदेशालय को भेजा भवन निर्माण का प्रस्ताव
एनएच पर फोरलेन के चलते क्षतिग्रस्त हो गया था स्कूल भवन
124 विद्यार्थी ले रहे शिक्षा, उच्च शिक्षा भवनों में लग रही कक्षाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। कालका-शिमला एनएच के साथ सटा राजकीय प्राथमिक स्कूल सलोगड़ा को जल्द नए भवन की सुविधा मिलेगी। शिक्षा विभाग ने स्कूल भवन निर्माण को लेकर 1.35 करोड़ का रुपये का प्रस्ताव तैयार कर शिक्षा निदेशालय को भेज दिया है। वहीं अब मंजूरी मिलने के बाद स्कूल भवन का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। वन विभाग को शिक्षा विभाग के नाम जमीन हस्तांतरित करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
जानकारी के अनुसार कालका-शिमला नेशनल हाइवे पर फोरलेन कार्य के दौरान सलोगड़ा में स्कूल का भवन टूट गया था, जो आज तक नहीं बन पाया है। हालांकि जब प्राइमरी स्कूल का भवन टूटा तो एनएचएआई ने शिक्षा विभाग को धनराशि भी जमा करवा दी। लेकिन मामला जमीन को लेकर फंस गया। शिक्षा विभाग ने इसके लिए साथ ही एक जमीन का चयन किया। लेकिन यह जमीन वन विभाग की निकली। ऐसे में इसके के लिए शिक्षा विभाग ने कई बार वन विभाग कार्यालय के चक्कर भी काटे, लेकिन बात नहीं बनी। लेकिन अब कोर्ट के आदेशों के बाद यह कार्य भी पूरा हो रहा है। वर्तमान में स्कूल में करीब 124 से अधिक विद्यार्थी बढ़ रहे हैं। जिसमें शिक्षा विभाग ने उच्च स्कूल से बात कर फिलहाल तीन कमरे प्राइमरी सेक्शन को दिला दिए हैं।
उधर, शिक्षा उपनिदेशक प्रारंभिक संजीव ठाकुर ने बताया कि स्कूल का काम जल्द ही शुरू हो जाएगा। इसके लिए सोलन शिक्षा विभाग में 1.35 करोड़ रुपए का एस्टीमेट बनाकर शिमला भेज दिया है। पैसा मंजूर होने के बाद तुरंत ही काम शुरू हो जाएगा।