बद्दी के बिलावाली में होप राईज फाउंडेशन की ओर से आयोजित शिविर में स्वास्थ्य कार्यकर्ता महिलाओं
बिलांवाली में होप राइज फाउंडेशन की ओर से लगाया जागरूकता शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बिलांवाली में होप राइज फाउंडेशन की ओर से गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए एक स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य माताओं को उनके स्वास्थ्य, पोषण और शिशु देखभाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी देना था। सत्र के दौरान स्वास्थ्य कार्यकर्ता पूनम शर्मा और संगीता चंदेल ने गर्भावस्था के दौरान आवश्यक देखभाल, संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, संस्थागत प्रसव के महत्व और स्तनपान के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके अलावा माताओं को नवजात शिशु की देखभाल, टीकाकरण और स्वच्छता से जुड़े जरूरी उपायों के प्रति भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। होप राइज फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन लगातार किया जा रहा है, ताकि समुदाय में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को और बेहतर बनाया जा सके।