शहर के नगर निगम कार्यालय के समीप गड्ढों को भरने के लिए डाली गई मिट्टी। संवाद
गड्ढों को ठीक करने के नाम पर मिट्टी डाल पूरी की जा रही औपचारिकता
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर के साथ लगते नगर निगम कार्यालय के समीप पड़े गड्ढों में अब मिट्टी डाल लोगों की समस्याओं का समाधान करने की कोशिश की गई। वहीं इस समाधान ने बारिश होते ही दलदल बन अब लोगों की समस्याओं को कई गुना तक बढ़ा दिया है। मिट्टी के कारण सड़क पर चारों ओर कीचड़ फैल गया है, जिस कारण अब लोगों का सड़क पर उतरना भी मुश्किल हो गया है।
लोगों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की कि सड़क पर पड़े गड्ढों का स्थायी समाधान किया जाए लेकिन यहां केवल मिट्टी डाल कर औपचारिकता को पूरा किया गया है। इससे लोगों की मुश्किलें हल होने की बजाय अब बढ़ गई है। यहां से होकर रोजाना सैकड़ों लोग आते-जाते हैं और वाहन चालक इसी सड़क से होकर राजगढ़ की ओर जाते हैं। कीचड़ और मिट्टी के दलदल के कारण दोपहिया वाहन चालकों के लिए अब यहां हादसा होने का खतरा भी बढ़ गया है। विभाग की ओर से काफी समय से शहर में जगह-जगह पर पड़े गड्ढों में केवल मिट्टी डाल समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन बारिश होते ही वह मिट्टी कीचड़ बनकर लोगों की परेशानियां ही बढ़ा रही है। उधर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रवि कपूर ने बताया कि बारिश के समय यदि टारिंग की जाए तो वह भी कुछ ही दिनों में खराब हो जाती है। विभाग की ओर से बारिश खत्म होने के बाद सभी सड़कों को ठीक करने का काम किया जाएगा।