नर्सिंग परीक्षा में अवस्थी संस्थान की छात्राओं का दबदबा
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। अटल मेडिकल रिसर्च यूनिवर्सिटी नेरचौक की ओर से घोषित नर्सिंग परीक्षाओं के परिणामों में अवस्थी इंस्टिट्यूट ऑफ नर्सिंग की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग प्रथम वर्ष में संस्थान की छात्रा शिवालिका ने विश्वविद्यालय स्तर पर चतुर्थ रैंक हासिल कर संस्थान और जिले का नाम रोशन किया है। संस्थान के लिए दोहरी खुशी की बात यह रही कि बीएससी नर्सिंग चतुर्थ सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम 100 प्रतिशत रहा। इस परीक्षा में छात्राओं ने उत्कृष्ट एसजीपीए हासिल किया। इसमें मनप्रीत कौर, अंकिता बंसल, ललिता और महक ने 10 में से 8.14 एसजीपीए लेकर संयुक्त रूप से कक्षा में पहला स्थान पाया। सुषमा ने 8.10 एसजीपीए प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया। छात्राओं की इस शानदार उपलब्धि पर संस्थान के अध्यक्ष चंद्रशेखर अवस्थी, निदेशक ऋषभ अवस्थी और रजत अवस्थी सहित प्रधानाचार्य शुभा भारद्वाज ने सभी को बधाई दी। संस्थान के अध्यक्ष ने कहा कि यह सफलता छात्राओं के कठिन परिश्रम और शिक्षकों की समर्पित शिक्षण पद्धति का प्रमाण है। प्रधानाचार्य ने विश्वास जताया कि संस्थान भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण और व्यावहारिक नर्सिंग शिक्षा प्रदान करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जारी रखेगा।