सोलन के पेंशनर के साथ हुई ठगी, पुलिस ने शिकायत पर शुरू की छानबीन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। सोलन के पेंशनर से 4.90 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी हुई है। इसमें शातिर ने खुद को पेंशन अधिकारी बताकर ठगी को अंजाम दिया है। पुलिस ने पीड़ित व्यक्ति की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जानकारी के अनुसार नारायण सिंह चौहान निवासी वार्ड 3 सोलन बाईपास ने पुलिस को शिकायत दी कि इसे मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आया और व्यक्ति ने स्वयं को पेंशन अधिकारी बताकर बैंक खाते के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान शातिर ने पीड़ित व्यक्ति को पंजाब नेशनल बैंक पेंशन कार्ड नामक एक एप्लिकेशन इंस्टॉल करने के लिए कहा। जैसे ही पीड़ित व्यक्ति ने यह एप्लिकेशन इंस्टाल किया तो उसके खाते से 4.90 लाख किसी अन्य खाते में ट्रांसफर हो गए। एसपी सोलन गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।