कुनिहार पुलिस पेंशनर। स्तोत्र पेंशनर
नालागढ़ में जिला सोलन पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन की त्रैमासिक महासभा आयोजित
मेडिकल बिलों के भुगतान और सेवानिवृत्ति के एक माह के भीतर सभी वित्तीय लाभ देने की उठी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार(सोलन)। पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला सोलन की त्रैमासिक महासभा रविवार को नालागढ़ में हुई। एसोसिएशन की अध्यक्ष पुष्प लता सूद की अध्यक्षता में हुई बैठक में संगठन के करीब 70 सदस्यों ने हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान पुलिस पेंशनरों की लंबित वित्तीय देनदारियों, चिकित्सा बिलों और अन्य कल्याणकारी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से मंथन किया गया। इस दौरान प्रदेश सरकार और पुलिस मुख्यालय के समक्ष आठ प्रमुख मांगें रखते हुए इन्हें जल्द से जल्द पूरा करने का आग्रह किया गया। पूर्व सैनिकों की तर्ज पर पुलिस पेंशनरों के लिए भी हर जिले में मोबाइल कैंटीन शुरू की जाए, जो तहसील मुख्यालयों और पुलिस थाना क्षेत्रों तक पहुंचें ताकि बुजुर्गों को रियायती दरों पर घरेलू सामान मिल सके। सेवानिवृत्त पुलिस कर्मचारियों और ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के अंतिम संस्कार पर पूरे पुलिस सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर देने के लिए स्थायी आदेश जारी हों। वर्षों से लंबित वित्तीय देनदारियों का भुगतान किया जाए और 13 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) एरियर सहित तुरंत जारी किया जाए। प्रत्येक पांच वर्ष में आयु के आधार पर मिलने वाली पांच प्रतिशत पेंशन वृद्धि को मूल पेंशन में मर्ज किया जाए। गंभीर बीमारियों से जूझ रहे बुजुर्ग पेंशनरों के वर्षों से लंबित लाखों रुपये के मेडिकल बिलों के भुगतान के लिए सरकार पर्याप्त बजट उपलब्ध करवाए। वर्ष 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए पुलिस कर्मचारियों के संशोधित वेतनमान, ग्रेच्युटी, लीव एनकैशमेंट और कम्यूटेशन के बकाया एरियर का एकमुश्त भुगतान हो तथा कम्यूटेशन संशोधन पर रोक संबंधी आदेश वापस लिए जाएं। पुलिस महानिदेशक के जिला दौरे के समय एसोसिएशन के सदस्यों को भी आमंत्रित किया जाए और एसओपी के तहत जिला स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित हों। इस अवसर पर महासचिव जसवीर सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जीत राम भारद्वाज, सलाहकार एवं सचिव विजय धीमान, प्रेस सचिव निर्मल सिंह ठाकुर, सचिव नित्य प्रकाश तनवर, सलाहकार श्याम लाल ठाकुर, श्याम लाल भाटिया और उपप्रधान संत राम चंदेल सहित करीब 70 सदस्य मौजूद रहे।