आईजी साउथ रेंज जहूर जैदी के सामने लोगों ने नालागढ़ शहर की यातायात व्यवस्था की पोल खोली। लोगों ने शहर में पेश आ रही पार्किंग की समस्या से उन्हें अवगत करवाया। साथ ही कहा कि शहर के मुख्य सभी चौकों और भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों में बेतरतीब वाहन खड़े रहते हैं। पुलिस की मौजूदगी और चौकसी के सामने शहर में जाम जैसी स्थित पैदा हो जाती है।
आईजी साउथ रेंज की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लोगों ने अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। बैठक के दौरान सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त की गई। वहीं लोगों ने मांग रखी कि ज्यादा ट्रैफिक वाले ओर दुर्घटना संभावित स्थानों पर पुलिस जवान तैनात किए जाएं। आईजी ने महिलाओं के प्रति स्थानीय पुलिस का रवैया और निष्पक्ष जांच बारे भी पूछा जिस पर लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर संतुष्टि जताई।
आईजी ने कहा कि पुलिस का प्रयास है कि वह लोगों से बेहतर तालमेल रखे, लोगों के सहयोग से ही अपराधों पर अंकुश लगाना संभव है। लोगों से आह्वान किया कि किसी भी तरह की आपराधिक घटना बारे तुरंत पुलिस को सूचित करें।
यह लिए गए निर्णय
सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस वाहन चालकों पर सर्विलेंस अधिक रखने का निर्णय लिया गया। सीमावर्ती क्षेत्र ढ़ेरोवाल, दभोटा और नवांग्राम आदि क्षेत्रों में गश्त को बढ़ाया जाएगा। नतीजतन बीबीएन में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाएंगे तथा यहां होने वाली आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकेगा। इस दौरान स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों से बैठक की ओर पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा की।
यह रहे मौजूद
इस अवसर पर एसपी बद्दी बशेर सिंह, डीएसपी साहिल अरोडा, एसएचओ कमल चंद, यातायात प्रभारी सूरम सिंह, के अलावा नप अध्यक्ष महेश गौतम, ट्रक यूनियन के प्रधान चौधरी विद्यारत्न, बीर सिंह चंदेल, सुरजीत सैणी, पार्षद मनोज वर्मा, बलदेव मल्होत्रा, अमित जैन, गुरप्रताप सिंह, इंदु ठाकुर, बगा राम और मदन लाल चौधरी मौजूद रहे।