सोलन। सोलन में खाद्य वस्तुओं के दो सैंपल फिर से फेल पाए गए हैं। सीटीएल कंडाघाट की रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। फेल सैंपलों में प्लम जैम और एप्पल स्क्वैश शामिल हैं। विभाग ने कार्रवाई कर कारोबारी को 14 दिन में जवाब देने के लिए नोटिस भेजा है। इसका संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। विभाग की टीम ने कुछ दिन पहले सलोगड़ा में दबिश दी थी। इस दौरान एक कारोबारी की दुकान से सैंपल भरकर जांच के लिए सीटीएल कंडाघाट भेजे गए थे। रिपोर्ट आने के बाद सैंपलों के फेल होने का खुलासा हुआ। विभाग जवाब आने के बाद अगली कार्रवाई करेगा। उधर, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा विभाग एलडी ठाकुर ने कहा कि दो सैंपल फेल होने पर कारोबारी को नोटिस भेजा है। जवाब के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।