कराटे प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाली पीएम श्री चंडी स्कूल की टीम। (विद्यालय)
6 स्वर्ण और 1 रजत पदक जीतकर जीता खिताब
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट(सोलन)। कुनिहार में आयोजित अंडर-19 छात्र कराटे प्रतियोगिता में पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी (अर्की) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया है। विद्यालय की टीम ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए कुल 6 स्वर्ण और 1 रजत पदक पर कब्जा जमाया। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के कुल नौ खिलाड़ियों ने भाग लिया था। पूरी टीम का नेतृत्व विद्यालय के कला अध्यापक देवेंद्र कुमार ने किया। खिलाड़ियों के इस बेहतरीन प्रदर्शन और खिताबी जीत से पूरे चंडी-कशलोग क्षेत्र में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाचार्य एलआर ठाकुर ने सभी विजेता खिलाड़ियों और टीम प्रभारी को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों की सफलता का श्रेय उनकी कड़ी मेहनत, अभिभावकों के प्रोत्साहन, विद्यालय प्रबंधन समिति और स्टाफ के निरंतर सहयोग को दिया। प्रधानाचार्य ने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।