अधिकारी बोले, अब तक लगाए 55 हजार पौधे, आठ हजार बांटे
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। वन विभाग ने बोहली पंचायत में 77वां वन महोत्सव मनाया। कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विभाग ने जिले में अब तक 55 हजार पौधे लगाए हैं और लगभग आठ हजार पौधे लोगों को मुफ्त वितरित किए हैं। विधायक सुल्तानपुरी ने जामुन का पौधा रोपकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान वन कंजरवेटर नरेंद्र बरोट, जिला वन अधिकारी प्रदीप चौहान और वन परिक्षेत्र अधिकारी नीलम ठाकुर भी उपस्थित रहे। राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के तहत मधुवन महिला कमेटी ने एक हेक्टेयर जंगल में 800 फलदार पौधे लगाए। विधायक सुल्तानपुरी ने बताया कि विदेशों में जंगलों में व्यावसायिक रूप से काम होता है। वहां सघन वनों को अधिक महत्व दिया जाता है। उन्होंने वैज्ञानिक तरीके से पेड़ काटने की आवश्यकता पर भी बल दिया। जिला वन अधिकारी प्रदीप चौहान ने कहा कि पौधों का संरक्षण भी जरूरी है। वन विभाग के कर्मचारियों ने विधायक को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। विधायक ने उन्हें विधानसभा में उठाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर वन कर्मचारी केवल राम को उनकी सेवाओं के लिए स्मृतिचिह्न देकर सम्मानित किया गया। वन परिक्षेत्र अधिकारी धर्मपुर नीलम ठाकुर ने लोगों को पौधे वितरित किए।