ठेरा दंगल में बड़ी माली के विजेता पिंटी पहलवान को सम्मानित करते आयोजक एवं विधायक संजय अवस्थी।
फाइनल मुकाबले में मथुरा के शिवा पहलवान को दी पटखनी
विधायक संजय अवस्थी ने कार्यक्रम में की बतौर मुख्य अतिथि शिरकत
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट(सोलन)। क्षेत्र के गांव ठेरा में आयोजित दंगल प्रतियोगिता का समापन रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। इसमें हरियाणा के पिंटी पहलवान ने बड़ी माली का खिताब जीता। पिंटी ने मथुरा के शिवा पहलवान को हराकर 15 हजार रुपये और गुर्ज अपने नाम किया। उपविजेता शिवा पहलवान को 11 हजार रुपये की इनामी राशि मिली। छोटी माली में अमन कैथल पहलवान ने उत्तर प्रदेश के विश्वजीत को हराया। पारनू केसरी का खिताब कोलका (अर्की) के कुलवंत पहलवान ने मंडी के विशाल पहलवान को हराकर जीता। इस अवसर पर विधायक संजय अवस्थी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। देरशाम तक चले इस दंगल में प्रदेश और अन्य राज्यों के पहलवानों ने हिस्सा लिया। विधायक संजय अवस्थी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को नशे से दूर रखते हैं और ग्रामीण प्रतिभाओं को बढ़ावा देते हैं। इस दौरान पंचायत प्रधान कांता शर्मा और उपप्रधान बालकृष्ण उपस्थित रहे। मेला कमेटी प्रधान जुल्फी राम ठाकुर और पूर्व प्रधान विद्यासागर शर्मा भी मौजूद थे।
ठेरा में खेल मैदान के निर्माण को दिए तीन लाख रुपये
विधायक अवस्थी ने ठेरा में खेल मैदान के निर्माण के लिए तीन लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि यह राशि प्रारंभिक निर्माण कार्य के लिए है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त कोष भी उपलब्ध करवाया जाएगा। कनसवाला स्कूल के खेल मैदान के विस्तार, चारदीवारी और अन्य कार्यों के लिए दो लाख रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का आश्वासन दिया।