पाइनगोव स्कूल धर्मपुर के प्रबंधक सम्मान प्राप्त करते हुए। स्रोत: स्कूल प्रबंधक
नाॅर्थ इंडिया स्कूल मेरिट अवार्ड्स के तहत की गई रैंकिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। सोलन जिले के धर्मपुर स्थित पाइनग्रोव स्कूल ने शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। हाल ही में जारी आईवी लीग बोर्डिंग स्कूल की रैंकिंग में पाइनग्रोव को पहला स्थान प्राप्त हुआ है। यह सम्मान स्कूल को नॉर्थ इंडिया स्कूल मेरिट अवार्ड्स-2025 के तहत प्रदान किया गया है। इस वर्ष की बोर्डिंग स्कूल रैंकिंग में दो स्कूलों ने संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया है, जिनमें पाइनग्रोव स्कूल और ऋषि वैली स्कूल शामिल हैं। स्कूल प्रबंधकों ने इस प्रतिष्ठित सम्मान को प्राप्त किया। पाइनग्रोव स्कूल की शिक्षा गुणवत्ता पहले से ही प्रमाणित है, क्योंकि इसके पास आईएसओ 9001 : 2015 प्रमाणन और एनएबीईटी मान्यता प्राप्त है। स्कूल के कार्यकारी निदेशक कैप्टन एजे सिंह ने इस पुरस्कार को प्राप्त करना गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय सम्मान पाइनग्रोव में युवा प्रतिभाओं को निखारने के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने आगे कहा कि स्कूल भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने और अपनी उत्कृष्टता को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।