बद्दी-साईं मार्ग पर बिलांवाली के समीप लगे कूड़े के ढेर। संवाद
कई दिनों तक नहीं उठ रहा है यहां से कूड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। बद्दी साई मार्ग पर जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। लोग सड़क पर ही कूड़ा फेंक रहे हैं जोकि दुकानदारों व राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। यहां से कूड़ा नियमित रूप से नहीं उठ रहा है।
बद्दी की नई सब्जी मंडी के साथ, लाज धर्मकांटा, लेबर चौक, ट्रक यूनियन, गैस प्लांट के समीप कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। यहां पर कई-कई दिन तक कूड़ा नहीं उठता है। जिससे दुकानदार समेत स्थानीय लोग को दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है।
बद्दी साई मार्ग पर बिलांवाली को जाने वाले रास्ते के मुहाने पर लोगों ने कूड़ा दान बना रखा है। यहां पर जूस व खाने पीने की रेहड़ियां लगती हैं लेकिन लगातार कूड़ा फेंकने से यहां पर दुर्गंध फैली हुई है। यहां पर रहने वाले प्रीतम चंद ने बताया कि यहां पर कई-कई दिन तक कूड़ा नहीं उठता। यहां पर पशु घूमते हैं जो इस कूड़े को फैला देते हैं। जिससे कूड़ा पूरी सड़क पर फैल जाता है। हवा के साथ उड़ कर यह कूड़ा दुकानों में भी घुस जाता है। यही नहीं कूड़ा नाली में जमा हो जाता है और नाली यहां पर हमेशा बंद हो जाती हैं तब इसका गंदा पानी सड़क पर फैलता है।
यहां के दुकानदार व रेहड़ी संचालक इसका स्थाई समाधान करने की मांग कर रहे हैं लेकिन नप के कर्मचारी एक बार कूड़ा उठाने के बाद एक सप्ताह तक वापस नहीं आते। उन्होंने नियमित रूप से कूड़ा उठाने की मांग की है। उधर, नगर परिषद के अध्यक्ष तरसेम चौधरी ने बताया कि कूड़ा न उठने की कई जगह से उन्हें शिकायतें आई हैं। वह कूड़ा उठाने वाली कंपनी के संचालकों को सूचित करके जल्द ही कूड़ा हटवाएंगे।