नालागढ़ (सोलन)। ऑनलाइन फ्रॉड के नए-नए तरीकों से भोलेभाले लोग शिकार बन रहे हैं। आए दिन कोई न कोई शख्स इनकी चपेट में आ रहा है। बार-बार पुलिस की हिदायतों के बावजूद लोग जाल में फंस रहे हैं। बीबीएन के तहत हररायपुर बद्दी में रहने वाले मंडी के एक शख्स से लोन के नाम पर धोखाधड़ी की गई है। शातिरों ने ऋण की प्रोसेसिंग फीस, टीडीएस, टैक्स, जीएसटी के नाम पर 1,26,706 रुपये ऐंठ लिए हैं।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में राकेश कुमार पुत्र ओम चांद निवासी गांव बाल्हड़ा तहसील सरकाघाट जिला मंडी ने बताया कि वह हररायपुर बद्दी में रहता है। इसने मनी बाजार कंपनी से लोन के लिए आवेदन किया था। चार लाख रुपये का ऋण दिया जाना था। कंपनी की बताई शर्तें पूरी करने के बाद भी इसे लोन नहीं मिला जबकि प्रोसेसिंग फीस, टीडीएस, टैक्स, जीएसटी, फास्ट ईएमआई पे कर दिया गया। बावजूद इसके इसे लोन यह बोलकर नहीं दिया जा रहा है कि उसकी राशि आरबीआई ने रोक रखी है। इस शख्स ने प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 1.26 लाख की धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया है।
उधर, एएसपी एनके शर्मा ने बताया कि पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि लोग किसी भी बहकावे में न आएं और पहले पूरी तरह से संबंधित कंपनी या अन्य किसी एजेंसी के बारे में पड़ताल करें। संदेह होने पर पुलिस को सूचित करें ताकि समय रहते ऐसे लोगों पर शिकंजा कसा जा सके।