संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन/परवाणू। जिले में बुखार और डेंगू के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। यहां एक ओर जिला भर के अस्पतालों में बुखार के मरीज जांच के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं परवाणू में डेंगू का कहर लगातार जारी है।
सोमवार को सोलन अस्पताल में बुखार से पीड़ित मरीजों की भीड़ लगी रही। ओपीडी में 150 से ज्यादा मरीज बुखार के आए। इसी तरह परवाणू में भी 130 के ज्यादा मरीज बुखार के इलाज के लिए अस्पताल में पहुंचे।
परवाणू क्षेत्र में आलम यह है कि हर घर में अब बुखार से पीड़ित व्यक्ति है। साथ ही डेंगू के मामले भी यहां पर लगातार बढ़ते जा रहे हैं। सोमवार को परवाणू में 21 नए मरीज डेंगू के आए। इसमें 17 मरीज शहर से जबकि चार साथ लगते कालका शहर के हैं। लगातार बढ़ रहे बुखार और डेंगू के मरीजों को देखते हुए अब स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है।
वहीं, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. कविता शर्मा ने बताया कहा कि परवाणू में डेंगू के मरीजों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे डेंगू समेत अन्य जलजनित रोगों से बचने के लिए उचित सावधानी बरतें।
उधर, सीएमओ सोलन डॉ. राजन उप्पल ने कहा कि इन दिनों वायरल और बुखार के मामले बढ़ते जा रहे हैं। लोगों से अपील है कि वह सतर्क रहें और बुखार होने पर अस्पताल में जांच करवाएं।
870 पहुंचा डेंगू का आंकड़ा
परवाणू में डेंगू के मरीजों का आंकड़ा 870 तक पहुंच गया है। इसमें रैपिड टेस्ट से 368 मरीज और एलिजा टेस्ट से 494 मरीज पॉजिटिव आए हैं। परवाणू ईएसआई अस्पताल के साथ-साथ निजी अस्पतालों में भी मरीजों का इलाज चला हुआ है।
ईएसआई में दिन प्रतिदिन ओपीडी में मरीजों की तादाद भी बढ़ती जा रही है। मंगलवार को ओपीडी में लगभग 500 से ज्यादा मरीज पंजीकृत हुए। इनमें 130 खांसी और बुखार के थे। इनमें कई रोगियों के डेंगू सैंपल लिए हैं जिसकी रिपोर्ट मंगलवार को आएगी।
ईएसआई परवाणू में एक बेड पर दो-दो मरीज
ईएसआई परवाणू में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। एक बेड पर दो-दो मरीजों को रखा जा रहा है। अब तक अस्पताल में 40 से ज्यादा डेंगू के मरीज दाखिल हो चुके हैं। 50 बेड वाले अस्पताल में 40 मरीज डेंगू के हैं। इसके अलावा अन्य बीमारियों के मरीज भी भर्ती किए जा रहे हैं। अस्पतालों में बेड कम पड़ गए हैं। अगर आंकड़ा इसी तरह बढ़ता रहा तो अस्पताल प्रशासन को बेड बढ़ाने पड़ सकते हैं।
बरसात से बिगड़े हालात
बरसात से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। परवाणू में सड़कों और नालियों की अव्यवस्था से जगह-जगह पानी इकट्ठा हो रहा है जो डेंगू के मच्छरों के पनपने का कारण बन रहा है। यहां पर सड़कों के किनारे गड्ढे पड़ें हैं जिनमें पानी जमा है।
नगर परिषद इस पानी को लेकर कोई इंतजाम नहीं कर रहा है। इसमें डेंगू के मच्छर लगातार पनप रहे हैं और डेंगू गंभीर होता जा रहा है। फॉगिंग और दवाओं के छिड़काव का भी कोई असर नहीं हो रहा है।