सोलन। जिला में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन बीएफ-7 के खतरे के बीच लोगों को सोमवार से बूस्टर लगनी शुरू हो जाएगी। इसके लिए जिला स्वास्थ्य विभाग के पास 5000 कोविशील्ड वैक्सीन आई हैं। इसके बाद कोविशील्ड वैक्सीन की खेप को पांचों चिकित्सा खंडों को आबंटित कर दिया गया।
रविवार को स्वास्थ्य विभाग जिला में वैक्सीन लगाने के लिए टीकाकरण केंद्र को खोला जाएगा और इसके लिए टीम की एक बार फिर तैनाती की जाएगी। जिसके लिए जिला स्वास्थ्य विभाग दिनों रोस्टर बना रहा है ताकि लोगों को कोविड टीकाकरण की सुविधा दी जाए। जिला में करीब डेढ़ माह बाद कोविड वैक्सीन के उपलब्ध होने से लोगों को काफी राहत मिलेगी। अधिकतर राहत बूस्टर डोज लेने वालों को मिलेगी। जो कोरोना के बढ़ते खतरे के बाद बार-बार अस्पतालों में वैक्सीन उपलब्ध होने के बारे में पूछ रहे थे।
गौर रहे कि जिला सोलन में कोरोना वैक्सीन करीब डेढ़ माह पहले खत्म हो गई थी। इसके बाद लोगों को कोविड की बूस्टर डोज लगाने वालों को काफी दिक्कतें आ रही थीं। अधिकतर परेशानी लोगों को तब आई जब कोरोना के नए वैरिएंट के फैलने का खतरा बढ़ गया। इसके बाद लोगों ने बूस्टर डोज लगाने के लिए अस्पताल का रुख किया। लेकिन अस्पतालों में लोगों को कुछ ही दिन बूस्टर डोज मिली और इसके बाद कोरोना वैक्सीन की खेप खत्म हो गई। इसके बाद लोगों को मायूसी हाथ लग लग रही थी। वहीं जिला स्वास्थ्य विभाग बूस्टर डोज लगाने में भी सबसे पीछे था। अब तक करीब 1.60 हजार लोगों ने बूस्टर डोज लगाई थी।
जिला में कोवैक्सीन की भी डोज उपलब्ध
जिला में कोविशील्ड के साथ कोवैक्सीन की भी डोज उपलब्ध हो गई है। कोवैक्सीन की 1500 वायल जिला स्वास्थ्य विभाग को मिली हैं। इससे 15 से 18 वर्ष आयु के बच्चों को भी वैक्सीन की सुविधा जिला के अस्पतालों में मिलेगी। जिला में करीब 3000 बच्चों को वैक्सीन की दूसरी डोज लगनी है।
जिला में कोरोना वैक्सीन कोविशील्ड की 5000 डोज उपलब्ध हुई हैं। सोमवार से जिला में टीकाकरण शुरू हो जाएगा। इसके लिए टीकाकरण केंद्रों को फिर से खोला जाएगा। 15 से 18 आयु के बच्चों के लिए भी 1500 वायल जिले के लिए आई हैं। लोगों को काफी राहत मिलेगी।
-डॉ. राजन उप्पल
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सोलन