अर्की(सोलन)। अर्की उपमंडल के रौड़ी के लिए रोजाना शिमला से आने जाने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम नालागढ़ डिपो की बस कई महीनों से बंद पड़ी है। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शिमला-रौड़ी रूट पर बस बंद होने से करीब 20 गांवों के लोग प्रभावित हो रहे हैं। लोगों को रोजाना करीब 15 किलोमीटर का सफर पैदल तय कर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है।
इस बस रूट के चलने से लोग शिमला अपने कार्यों से जाते हैं, वहीं किसानों के लिए भी यह उपयोगी है। स्थानीय निवासी वेद कुमार, देवेंद्र शर्मा, भूपेंद्र, नंदलाल, दिनेश, मनशा राम और मोहन ने कहा कि यह बस पिछले 30 वर्षों से चलाई जा रही थी लेकिन मार्च 2020 से यह बंद है। उन्होंने कहा कि यह बस नालागढ़ से वाया शिमला-रौड़ी आती है। जो शिमला से शाम करीब 5:00 बजे चलती है। वहीं सुबह इस बस का शिमला के लिए चलने का समय करीब 7:00 बजे है। स्थानीय किसान अपनी सब्जियों को लेकर समय पर शिमला सब्जी मंडी पहुंचते हैं। उन्होंने सरकार और विभाग से फिर से बस सेवा शुरू करने की मांग उठाई है।
आरएम नालागढ़ जेएस चौधरी ने कहा कि इस रूट पर सवारियां नहीं होने के कारण बस के तेल का खर्च भी नहीं निकल पा रहा है जिस कारण इसे बंद किया है। सवारियां अधिक होते ही इसे चलाने पर विचार किया जा सकता है।