सफाई कर्मचारियों को आ रही दिक्कतें, चालान होने पर होती है बहस
निगम टीम आईईसी से कर रही जागरूक, घरद्वार पर कर रहे लोगों से आग्रह
वाहन में लगाए पोस्टर और बैनर, शहर को साफ-सुथरा रखने की भी अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर में इन दिनों लोग गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग नहीं दे रहे हैं। ऐसे में सफाई कर्मचारियों को कूड़ा एकत्र करने में काफी दिक्कत आ रही है। वहीं लोगों को यह पता नहीं चल पा रहा है कि किस दिन गीला कचरा देना है और किस दिन सूखा। वह गीला और सूखा कूड़ा एक साथ ही दे रहे हैं। वहीं जब नियमों की पालना न करने पर नगर निगम कर्मचारी चालान करते हैं तो बहस होनी शुरू हो जाती है। इसे लेकर सफाई कर्मचारी भी काफी परेशान हो गए हैं और लोगों को बार-बार गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग देने का आग्रह कर रहे हैं।
वहीं लोगों में जागरूकता लाने के लिए निगम ने शहर में आईईसी करनी शुरू कर दी है। गीला और सूखा कूड़ा किस-किस दिन उठेगा इसे लेकर जानकारी दे रहे हैं। इसके अलावा इसे पृथक कैसे रखना है के बारे में भी बताया जा रहा है। बाकायदा इसके लिए निगम की टीम घरद्वार पर जाकर लोगों को जागरूक भी कर रही है। इसी के साथ कूड़ा ले जाने वाले वाहनों में पोस्टर और बैनर लगाया गया है। जिससे लोग निर्धारित दिनों के अनुसार ही कूड़ा दे सकें। वहीं लोगों से शहर को साफ-सुथरा और स्वच्छ बनाए रखने की भी अपील की जा रही है।
गौर रहे कि निगम की ओर से डोर-टू-डोर मुहिम के तहत सफाई कर्मी घरद्वार से ही कूड़ा एकत्र करते हैं। गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग उठाया जा सके इसके लिए दिन निर्धारित किए हुए हैं। शहर में गीला कूड़ा सोमवार, बुधवार, वीरवार, शनिवार को उठाया जा रहा है। जबकि सूखा कूड़ा मंगलवार और शुक्रवार को उठाया जाता है। लेकिन शहर में लोग एक साथ ही गीला और सूखा कूड़ा दे रहे हैं। कई बार लोगों को बताने के बाद भी इस ओर गौर नहीं किया जा रहा था।
इनसेट
अब देना होगा जुर्माना
आईईसी बैनर में गीला और सूखा कूड़ा एकत्रित किए जाने वाले दिनों के बारे में बताया गया है। जिसके अनुसार हफ्ते में चार दिन गीला कूड़ा व दो दिन सूखा कूड़ा उठाए जाने के बारे में भी बताया गया है। इसके साथ ही बैनर में गीला और कूड़ा अलग-अलग नहीं देने और कूड़ा इधर-उधर फैंकने वालों पर नियमानुसार जुर्माना लगाए जाने की बात भी लिखी है।
इनसेट
शहर में गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग नहीं दिया जा रहा है। इससे सफाई कर्मचारियों को काफी दिक्कत आ रही है। एक बार फिर लोगों को समझाया जा रहा है। इसके लिए आईईसी एक्टिविटी की जा रही है। इसके बाद अगल लोग पृथक कर कूड़ा नहीं देते हैं तो कार्रवाई की जाएगी।
-जफर इकबाल
आयुक्त, नगर निगम, सोलन