डीए व नए वेतनमान की बढ़ी हुई पेंशन को दबाकर बैठी सरकार
कुनिहार में पुलिस पेंशनर वेलफेयर की हुई बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार(सोलन)। पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला सोलन की त्रैमासिक बैठक प्रधान धनीराम तनवर की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान सभी सदस्यों ने मांगे पूरी न होने पर सरकार के प्रति रोष जताया और कहा कि काफी समय से लंबित वित्तीय लाभ राशि के बारे कोई भी घोषणा नहीं की जा रही है।
पेंशनरों ने आरोप लगाया कि सरकार प्रतिदिन प्रदेश में नई-नई घोषणा कर रही है, लेकिन पेंशनरों के हक में कोई बात नहीं कर रही। इस कारण पेंशनर बहुत परेशान हो रहे हैं। सरकार उनका 12 प्रतिशत डीए व नए वेतनमान की बढ़ी हुई पेंशन के 80 प्रतिशत एरियर को दबाकर बैठी है। जिसका इंतजार पेंशन कई महिनों से कर रहे हैं। अब तो प्रदेश के हालात सामान्य हो चुके हैं न ही सरकार पेंशनर के लिए हर जिला में मेडिकल बिलों का भुगतान करने के लिए कोई भी राशि बजट के रूप में नहीं दे रही है जिसके कारण उम्रदराज पेंशनर कई गंभीर बीमारियों से पीड़ित है, लेकिन उनके मेडिकल बिल कई महीनों से लंबित पड़े हुए हैं। पेंशनर कई सालों से पिछली सरकार व अब नई सरकार से भी मांग उठाते आ रहे हैं कि उम्र की बढ़ोतरी का जो 5, 10, 15 प्रतिशत का लाभ दिया जा रहा है उसे मूल वेतन में शामिल किया जाए लेकिन आज तक उस पर भी कोई भी कार्रवाई नहीं की गई। बैठक में केके शर्मा, जीत सिंह, नेकीराम, सतपाल, इंद्रजीत सिंह, नागेंद्र ठाकुर, रतिराम शर्मा, पतराम पवर, वीना, आशा राणा, पुष्पा सूद, धर्म सिंह, सीताराम, भरत सिंह, दीप राम ठाकुर, बेद ठाकुर, चमनलाल, गरजा राम समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।