संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। प्रदेश पेंशनर एवं वरिष्ठ नागरिक वेलफेयर एसोसिएशन सिटी यूनिट सोलन ने केंद्रीय सरकार की आतंकवादियों एवं पाकिस्तान के विरुद्ध की गई सैन्य कार्रवाई का समर्थन किया है। बैठक पुराना जिलाधीश कार्यालय में संपन्न हुई। इसकी अध्यक्षता मनोहर सिंह कंवर प्रधान ने की। इस बैठक में कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी एवं अन्य सदस्यों ने भाग लिया। सर्वप्रथम 22 अप्रैल को हुए पहलगाम हमले में मारे गए हिंदू नागरिकों के लिए एसोसिएशन ने शोक प्रकट किया। इस दौरान दो मिनट का मौन भी रखा गया। इसके बाद पेंशनरों की मांग के एजेंडा पर चर्चा की गई। बैठक में सभी सदस्यों एवं वक्ताओं ने इस बात पर जोर डाला कि कि पेंशनरों की मांग पर सरकार बिलकुल गंभीर नहीं है, इसलिए सख्त कदम उठाने की आवश्यकता है। महंगाई भत्ता और पेंशनरों को मिलने वाली देय राशि का भुगतान सरकार नहीं कर रही है। एक जनवरी 2016 के बाद सेवानिवृत्त पेंशनरों व चिकित्सा भत्ता आदि जो देय है, सरकार अदा नहीं कर रही है। इस कारण पेंशनरों में सरकार के खिलाफ भारी रोष है। इसी के साथ शहर में पार्किंग व एंबुलेंस रोड निर्माण पर नगर निगम व प्रशासन की ओर से कोई निर्णय न लेने का विरोध किया। सेवानिवृत्त सदस्यों ने कहा कि वर्तमान में वार्डों में एंबुलेंस रोड पार्किंग की व्यवस्था जरूरी हो गई है। जाम से निजात दिलवाने के लिए पार्किंग ही एकमात्र विकल्प है। ऐसे में निगम को जल्द पार्किंग का निर्माण करना चाहिए।