आगामी दिनों में लोक निर्माण विभाग शुरू करेगा पेचवर्क का कार्य
दोपहिया वाहन चालकों को होगी आसानी, दुर्घटनाएं में आएगी कमी
बरसात के बाद से सड़कों की हालात है खराब
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू (सोलन)। परवाणू में 40 लाख रुपये से सड़क की हालात को सुधारा जाएगा। इसके लिए विभाग की ओर से टेंडर लगा दिए गए हैं। आगामी दिनों में टेंडर प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और पेचवर्क का कार्य शुरू किया जाएगा। यह कार्य लोक निर्माण विभाग की ओर से करवाया जा रहा है। परवाणू-टीटीआर पुरानी सड़क को ठीक करवाया जाएगा। वर्तमान में सड़क की हालात काफी खराब है। ऐसे में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर गड्ढे होने के कारण दोपहिया वाहन चालकों को अधिक दिक्कतें पेश आ रही हैं। गड्ढाें के कारण दुर्घटनाएं भी बढ़ गई थीं। दोपहिया वाहन चालक खराब सड़क के कारण गड्ढों में गिरकर चाेटिल हो चुके हैं। कई बार लोग सड़क को ठीक करवाने की मांग कर चुके हैं।
स्थानीय निवासी सुरिंदर सिंह, बलवंत, सुरेश कुमार, हनी आदि ने बताया कि सड़क में काफी गड्ढे पड़ चुके हैं। इससे वाहनों को चलाना मुश्किल हो रहा है। रोजमर्रा का सामान लाने के लिए परवाणू बाजार जाना पड़ता है। वाहनों में हिचकोले खाते हुए बाजार पहुंचना पड़ रहा है।
इनसेट
कई बार मिट्टी डाल ठीक किए गड्ढे
परवाणू में खराब सड़क की हालत पर मरहम लगाने का कई बार कार्य किया। स्थानीय लोगों और लोक निर्माण विभाग ने मिट्टी व पत्थर डालकर सड़कों को ठीक करने का कार्य किया। कुछ समय बाद हालात बद से बदतर हो जाते थे। इसके बाद विभाग की ओर से पेचवर्क करवाने का निर्णय लिया।
इनसेट
परवाणू-टीटीआर पुरानी सड़क पर काफी गड्ढे पड़े हुए हैं। इन गड्ढों को भरने का कार्य आगामी दिनों में शुरू होगा। 40 लाख रुपये से पेचवर्क कार्य करवाया जाएगा। इससे सड़क दुर्घटनाओं पर भी लगाम लगेगी।
-ई. शिव कुमार, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग, सोलन