कुनिहार में पर्यटन विभाग की ओर से बनाई गई पार्किंग के पिल्लरों की खस्ता हालत। संवाद
लाखों रुपये खर्च कर जुलाई 2015 में बनाई गई थी पार्किंग
लेंटर भी एक ओर झुका, वाहन खड़ा करने से कतरा रहे चालक
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार(सोलन)। कुनिहार के मुख्य मार्ग पर पर्यटन विभाग की ओर से जुलाई 2015 में लाखों रुपये की लागत से बनाई गई पार्किंग महज 10 साल में ही जर्जर हो गई है। पार्किंग के तीन पिलर क्षतिग्रस्त होकर हवा में लटके हुए हैं, जबकि लेंटर भी एक ओर झुक गया है। ऐसे में यहां वाहन खड़ा करना हादसे को न्योता देने के समान है। स्थानीय लोगों ने पार्किंग की तत्काल तकनीकी जांच करवाकर इसे सुरक्षित बनाने की मांग उठाई है।
मुख्य बाजार में वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए इस पार्किंग का निर्माण किया गया था। शुरुआत में पार्किंग से लोगों को काफी सुविधा मिली, लेकिन समय के साथ रखरखाव के अभाव में इसकी हालत बिगड़ती गई। अब स्थिति यह है कि तीन पिलरों की नींव क्षतिग्रस्त होने के कारण वे हवा में लटके नजर आ रहे हैं। पिलरों की खराब स्थिति का असर पार्किंग के लेंटर पर भी पड़ा है और यह एक ओर झुक गया है।
पार्किंग की मौजूदा स्थिति को देखते हुए वाहन चालक यहां गाड़ी खड़ी करने से डर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुनिहार बाजार में पहले ही पार्किंग की कमी है। ऐसे में लाखों रुपये खर्च कर बनाई गई पार्किंग का असुरक्षित होना चिंता का विषय है। लोगों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं की गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्राम पंचायत कुनिहार के पूर्व प्रधान राकेश ठाकुर ने कहा कि लाखों रुपये की लागत से तैयार पार्किंग के तीन पिलर हवा में लटके हुए हैं और लेंटर भी झुक गया है। इससे यहां लगातार खतरा बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन और पर्यटन विभाग से तत्काल तकनीकी निरीक्षण करवाने और पार्किंग को सुरक्षित बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब तक पार्किंग पूरी तरह सुरक्षित घोषित नहीं हो जाती, तब तक यहां वाहनों को खड़ा करने पर रोक लगाई जानी चाहिए।