जिला स्तरीय मां मनसा देवी मेले में कबड्डी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। जिला स्तरीय मां मनसा देवी मेले में आयोजित महिला कबड्डी प्रतियोगिता में पांवटा अकादमी ने डोल का जुब्बड़ टीम को शिकस्त दी। पांवटा अकादमी ने 40-17 से मुकाबला अपने नाम किया। पहले दिन कबड्डी प्रतियोगिता में दिलचस्प मुकाबले हुए। प्रतियोगिता का शुभारंभ उपमंडलाधिकारी कसौली महेंद्र प्रताप सिंह ने किया। प्रतियोगिता में महिला की छह व पुरुष की 16 टीम भाग ले रही हैं। सुबह 11:00 बजे प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। लीग मुकाबलों के बाद पहला सेमीफाइनल पांवटा अकादमी और फिटनेस क्लब सोलन के बीच हुआ। इसमें 31-3 से पांवटा अकादमी ने मुकाबला अपने नाम किया। जबकि दूसरा मुकाबला डोल का जुब्बड़ व सोलन के बीच हुआ। इस मुकाबले में 31-12 से डोल का जुब्बड़ जीता। इसके बाद पुरुष में पहला मुकाबला सुल्तानपुर व कमल हीर टीम के बीच हुआ। इसमें कमलहीर टीम विजेता बनी। पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता में फाइनल मुकाबला पांच अप्रैल को होगा।