एसिडिटी, अल्सर समेत कई बीमारियों में आपात समय में लगाया जाता है यह इंजेक्शन
तीन माह का स्टॉक मंगवाया, कम मिली सप्लाई, एक माह में ही खत्म हुआ टीका
नियमों के अनुसार अभी टेंडर लगाने नहीं हुआ समय, करना होगा अब इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में पैनटॉप इंजेक्शन का स्टॉक एक बार फिर खत्म हो गया है। इससे मरीजों की परेशानी बढ़ने लगी है। अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में इस इंजेक्शन का सबसे अधिक इस्तेमाल होता है। एसिडिटी, अल्सर सहित कई बीमारियों में आपात स्थिति के दौरान मरीजों को यह इंजेक्शन लगाया जाता है।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल प्रशासन ने तीन महीने के स्टॉक की डिमांड भेजी थी, लेकिन मांग के मुकाबले कम सप्लाई मिली। ऐसे में उपलब्ध स्टॉक करीब एक महीने में ही खत्म हो गया। वहीं, नियमों और पोर्टल की प्रक्रिया के चलते फिलहाल दोबारा टेंडर नहीं लगाया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, कुछ दिनों में टेंडर के लिए पोर्टल दोबारा खोला जाएगा। इसके बाद इंजेक्शन की मांग भेजी जाएगी और शिमला से संबंधित कंपनी को टेंडर आवंटित होगा।
डिमांड भेजने के बाद इंजेक्शन की सप्लाई पहुंचने में करीब एक महीने का समय लग सकता है। ऐसे में मरीजों को इसके लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। फिलहाल अस्पताल प्रशासन ने आपातकालीन जरूरतों के लिए कुछ स्टॉक बचाकर रखा है, लेकिन यह भी कुछ ही दिनों तक चल पाएगा। इसके खत्म होने पर मरीजों को निजी दवा दुकानों से इंजेक्शन खरीदना पड़ सकता है।
इनसेट
एविल के बाद अब पैनटॉप का स्टॉक खत्म, बीपी की दवाएं भी नहीं
क्षेत्रीय अस्पताल में इससे पहले एविल और पैनटॉप इंजेक्शन का स्टॉक खत्म हो गया था। बाद में दोनों की सप्लाई उपलब्ध करवाई गई थी। अब दोबारा पैनटॉप इंजेक्शन की कमी से मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। इसके अलावा अस्पताल में बीपी की दवाएं एम्लोडिपाइन और टेल्मिसर्टन भी उपलब्ध नहीं हैं।
कोट
फिलहाल इंजेक्शन का आपातकालीन स्टॉक खरीदा जा रहा है। हालांकि, अस्पताल प्रशासन अपने स्तर पर बड़ी मात्रा में इसकी खरीद नहीं कर सकता। जल्द ही पोर्टल के माध्यम से डिमांड भेजी जाएगी। इसके बाद इंजेक्शन की सप्लाई मिलने की उम्मीद है। - राकेश पंवार, चिकित्सा अधीक्षक