कंडाघाट में नव-निर्वाचित वार्ड सदस्यों का 4 दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
प्रशिक्षण कार्यक्रम में 49 वार्ड सदस्य ले रहे ट्रेनिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
कंडाघाट (सोलन)। विकास खंड कंडाघाट के पंचायत समिति सभागार में सोमवार को नवनिर्वाचित वार्ड सदस्यों के तृतीय एवं अंतिम बैच का चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ। 12 से 15 अक्टूबर तक चलने वाले शिविर में क्षेत्र की नौ ग्राम पंचायतों के 49 वार्ड सदस्य भाग ले रहे हैं।
शिविर के शुभारंभ पर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) कंडाघाट ने प्रतिभागियों का स्वागत किया और प्रशिक्षण की रूपरेखा की जानकारी दी। इस बैच के लिए जधाना, कनैर, काहला, ममलीग, सतरोल, बशील, घाट कुम्हाला, सायरी और वाकना पंचायतों के 50 सदस्यों को आमंत्रित किया गया था, जिनमें से 49 उपस्थित रहे।
सरकारी योजनाओं और डिजिटल प्रणाली की जानकारी
प्रशिक्षण के पहले दिन विशेषज्ञों ने 73वें संविधान संशोधन, पंचायती राज संस्थाओं की कार्यप्रणाली और ग्राम सभा के महत्व पर जानकारी दी। साथ ही प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए वीबी-जी राम जी से संबंधित ई-एप्लिकेशन और स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) के प्रभावी क्रियान्वयन के बारे में बताया गया। वहीं वार्ड सदस्यों को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सहित विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इसका उद्देश्य जमीनी स्तर पर जरूरतमंद और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। वक्ताओं ने कहा कि गांवों के समग्र विकास और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में वार्ड सदस्यों की सक्रिय भागीदारी अहम है।