नालागढ़ नप के एक व दो वार्ड में वितरित हुए बिल
पिछले साल 55 में से 32 लाख जमा हो चूका है गृहकर
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ(सोलन)। नया साफ्टवेयर अपडेट न होने से नगर परिषद नालागढ़ पुराने सर्वे के आधार पर टैक्स लगाएगी। नप ने दो वार्डों में गृहकर के बिल जारी कर दिए है। अभी तक निजी कंपनी से साफ्टवेयर से नप ने सर्वे कराया था जिसमें लोगों की कई आपत्तियां रह गई थीं, लेकिन सरकार नया साफ्टवेयर डेवलप कर रही थी, अभी तक वह अपडेट नहीं हो पाया जिसके चलते पुराने सर्वे के आधार पर ही कर वसूला जाएगा। जिन लोगों ने पिछले साल गृह कर जमा नहीं कराया उनकी बकाया राशि नए बिल में ही जमा होकर आएगी।
नगर परिषद नालागढ़ में 3300 के करीब मकान हैं। नगर परिषद ने पिछले वर्ष से यहां पर हाउस टैक्स लगाना शुरू कर दिया है। पिछले वर्ष 55 लाख रुपये टैक्स के रूप में नगर परिषद ने वसूल करना था लेकिन नगर परिषद 32 लाख रुपये ही वसूल कर पाई थी। इसमें करीब 1500 लोगों ने टैक्स जमा नहीं कराया। इन लोगों का कहना था कि उनका एरिया ज्यादा दिखाया गया है जबकि मौके पर ऐसा नहीं है। इसके चलते उन्होंने टैक्स जमा नहीं कराया। इस बीच सरकार के आईटी विभाग ने अपना साफ्टवेयर तैयार तो कर लिया है लेकिन अभी तक अपडेट नहीं हुआ है और पुराने सर्वे के तहत अब बिल जारी हो रहे हैं।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी आरएस वर्मा ने बताया कि सरकार अपने नए साफ्टवेयर से दोबारा सर्वे कराने चाह रही थी लेकिन अभी तक साफ्टवेयर अपडेट नहीं हुआ। इसके चलते पुराने सर्वे के आधार पर ही टैक्स वसूला जाएगा। अभी 31 मार्च तक लोग टैक्स जमा करा सकते हैं। जिन लोगों ने पुराना टैक्स नहीं दिया है वह नए बिल के साथ जमा करा सकते हैं।