नालागढ़ में इग्नू की ऑफलाइन कक्षाओ में भाग लेते हुए छात्र। संवाद
विद्यार्थियों की मांग पर कक्षाओं को लेकर लिया गया निर्णय
नालागढ़ केंद्र में करीब पांच वर्ष बाद लगेंगी ऑफलाइन कक्षा
विभिन्न विषयों के प्राध्यापकों की ओर से किया गया मार्गदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ के इग्नू केंद्र में जून माह में होने वाली परीक्षाओं को लेकर मई के सभी रविवार को ऑफलाइन कक्षाएं संचालित होंगी। करीब पांच वर्षों बाद छात्रों के अध्ययन के लिए ऑफलाइन कक्षाएं शुरू हो रही हैं। इग्नू केंद्र के समन्वयक डॉ. हरविंद्र सिंह ने बताया कि अध्ययन केंद्र में पंजीकृत छात्र काफी समय से ऑफलाइन कक्षाओं की मांग कर रहे थे। ऑनलाइन माध्यम से छात्रों की आशंकाओं और जिज्ञासाओं का समाधान सुचारु रूप से नहीं हो रहा था।
इसके चलते छात्रों की सुविधाओं के लिए उनकी मांग पर उनके लिए ऑफलाइन कक्षाओं का प्रबंध कर दिया गया है। इन कक्षाओं में विभिन्न विषयों के प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों की अध्ययन प्रक्रिया को नियमित रूप से प्रारंभ कर दिया है। इग्नू केंद्र की ओर से छात्रों की अध्ययन प्रक्रिया के साथ-साथ, उन्हें इग्नू की कार्यप्रणाली, परीक्षाओं एवं असाइनमेंट को तैयार करने संबंधी जानकारी भी प्रदान की जा रही है।
सभी छात्र इन कक्षाओं में उपस्थित होकर इसका लाभ प्राप्त करें। दिसंबर में होने वाली परीक्षाओं के लिए भी इग्नू केंद्र, विद्यार्थियों को नवंबर में काउंसलिंग कक्षाओं का प्रावधान करेगा। इस दौरान लगभग 40 छात्रों ने इन कक्षाओं में भाग लिया। इस अवसर पर प्रो. हरविंदर सिंह, प्रो. संदीप कुमार, डॉ. संदीपिका और कार्यालय की ओर से आशीष कुमार, सुरेंद्र सिंह और मान सिंह उपस्थित रहे।