दून विस क्षेत्र का पट्टा महलोग अब छठा ब्लॉक नहीं बनेगा। आसपास की पंचायतों के लोगों का विरोध देखते हुए प्रशासन ने इस कवायद पर विराम लगा दिया है। अब प्रत्येक विधानसभा का एक ब्लॉक बनाने की पहल शुरू हो रही है। तर्क दिया जा रहा है कि इससे एक-एक ब्लॉक में दो विधानसभा क्षेत्र नहीं आएंगे जिससे संबंधित क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा।
इससे पहले दून विस क्षेत्र के पट्टा महलोग को जिला का छठा ब्लॉक बनाने की कवायद शुरू की गई थी। तर्क दिया गया कि संबंधित क्षेत्र के सैकड़ों लोगों को विकास खंड कार्यालय संबंधी कार्य के लिए धर्मपुर या नालागढ़ जाना पड़ेगा। इसके लिए पंचायती राज विभाग ने दून विस क्षेत्र के पट्टा महलोग में विकास खंड कार्यालय खोलने के लिए संबंधित पंचायतों से प्रस्ताव के माध्यम से जनमत सुझाव मांगे।
करीब नौ माह बीत जाने के बाद भी पंचायत यह फाइल प्रदेश सरकार को नहीं भेजी। बताया जा रहा है कि अब छह ब्लॉक बनाने के बजाय हर विस क्षेत्र में एक ब्लॉक बनेगा। यदि एक विस क्षेत्र बड़ा है तो उसके दो ब्लॉक बना दिए जाएंगे। वर्तमान में दून की 19 पंचायत धर्मपुर विकास खंड में आती है। शेष 14 पंचायत नालागढ़ ब्लॉक में आती है। वर्तमान में सोलन जिला में पांच ब्लॉक है। जिसमें कंडाघाट, कुनिहार, धर्मपुर, नालागढ़ और सोलन शामिल है।
वर्तमान में जिले के दून ही एकमात्र ऐसा निर्वाचन क्षेत्र है जहां पर बीडीओ कार्यालय नहीं है। ऐसे में पिछले लंबे समय से इस विस क्षेत्र के लोग कार्यालय खोलने की मंाग करते आ रहे हैं। विभाग व सरकार का प्रयास है कि इस क्षेत्र की अधिकतर पंचायत जिस स्थान पर बीडीओ कार्यालय खोलने का प्रस्ताव डालती है उसी आधार पर अब फैसला लिया जा सकता है।
उधर, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी भानू गुप्ता का कहना है कि यह कवायद उनकी ज्वाइनिंग से पहले चली आ रही है। फाइल को लेकर जिला दंडाधिकारी से बातचीत हुई है। उनका तर्क है कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक ब्लॉक होना चाहिए। यदि विस क्षेत्र काफी बड़ा है तो उसे दो ब्लॉक में विभाजित कर दिया जाएगा। वहीं पट्टा महलोग को अलग ब्लॉक बनाने के लिए मांगे गए प्रस्तावों में आसपास के ग्रामीणों ने विरोध जताया था। कहा कि फाइल में कुछ फेरबदल कर जल्द मंजूरी के लिए भेजा जा सकता है।