नालागढ़ (सोलन)। भाटियां गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उसके भाई पर तेजधार हथियार से हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गया। एसपी बद्दी विनोद धीमान के अनुसार कुलवीर सिंह पुत्र बलविंदर सिंह निवासी गांव व डाकघर भाटियां ने थाना नालागढ़ में शिकायत दर्ज करवाई है कि वह दीवार का निर्माण कार्य करवा रहा था। इसी दौरान भूमि विवाद को लेकर अपने रिश्तेदार से बातचीत कर रहा था। आरोप है कि इस बीच परमिंद्र सिंह सहित अन्य लोगों ने उसके भाई पर तेजधार हथियार से वार कर दिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकियां दीं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।