कालका-शिमला एनएच पर एपीएल गेट के समीप हादसा, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन/परवाणू। कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर जाबली-कोटी में एचपीएल गेट के समीप कार और ट्रक की टक्कर में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। वहीं घायलों को ईएसआई परवाणू पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार विद्युत बोर्ड सोलन के जेई सुरेंद्र पाल अपनी पत्नी कविता और बेटी कनिका के साथ कार में परवाणू की ओर से सोलन आ रहे थे। जब जाबली के समीप पहुंचे तो ट्रक और कार में टक्कर हो गई। कार सवार सभी लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सहायता से सभी को ईएसआई परवाणू पहुंचाया गया। यहां पर 44 वर्षीय कविता हाल निवासी सरकारी कॉलोनी लक्कड़ बाजार सोलन को मृत घोषित कर दिया गया। पति और बेटी का इलाज चल रहा है। महिला की मौत की पुष्टि इएसआई अस्पताल परवाणू की प्रभारी ज्योति कपिल ने की है। उधर, एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टीम को मौके पर भेजा गया है।