पुलिस ने कसंबोवाल ढाणा गांव में दी दबिश
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। नालागढ़ और मानपुरा थाना पुलिस ने मंगलवार को कसंबोवाल ढाणा गांव में दबिश देकर एक व्यक्ति से अवैध पिस्टल और सात जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस ने कसंबोवाल ढाणा निवासी हर्ष धीमान के घर की तलाशी ली। इस दाैरान कमरे में एक डिब्बे में छिपाकर रखी 7.65 एमएम की पिस्टल, उसकी मैगजीन और सात जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ के दौरान आरोपी बरामद हथियार और कारतूसों के संबंध में वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस थाना मानपुरा में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने बताया कि अवैध हथियार रखने के आरोप में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ पुलिस कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करती रहेगी।