पंजाब में हेरोइन तस्करी के आरोप में जमानत पर रिहा शख्स को बद्दी पुलिस ने 10.15 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा है।
- फोटो : demo pic
पंजाब में हेरोइन तस्करी के आरोप में जमानत पर रिहा शख्स को बद्दी पुलिस ने 10.15 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा है। सोमवार देर रात वह रोपड़ से सैणीमाजरा की तरफ कार में सवार होकर आ रहा था। पुलिस की नाकेबंदी देखकर उसने भागने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने उसे धर दबोचा। बताया जा रहा है कि वह पिछले एक माह से बद्दी में सक्रिय था। पुलिस आरोपी की रेकी कर रही थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने आरोपी की शिनाख्त सोहन लाल पुत्र मलकीयत राम गांव खंडियां डाकघर बंगा जिला रोपड़ पंजाब के रूप में की है। पकड़ी गई हेरोइन की कीमत 50 हजार बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी ड्रग्स और हेरोइन सप्लायर है। पंजाब पुलिस ने जालंधर में हेरोइन के ही मामले में उसे गिरफ्तार किया है। आरोपी पंजाब पुलिस से मौजूदा समय में जमानत पर रिहा है। पुलिस के अनुसार आरोपी हिमाचल के औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन, ऊना, नूरपुर और कालाअंब के क्षेत्रों में हेरोइन के डीलरों तक नशा सप्लाई करने का काम करता है।
राजस्थान बार्डर से आ रही नशे की डोज
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पता चला है कि राजस्थान बार्डर से यह नशा पंजाब और हिमाचल में सप्लाई किया जा रहा है। पुलिस को आरोपी से रिमांड के दौरान कई अहम सुराग हाथ लगने की उम्मीद है। डीएसपी डॉ. साहिल अरोड़ा ने कहा कि पुलिस आरोपी सोहन लाल को रंगे हाथ पकड़ने के लिए एक माह से जाल बिछा रही थी। सोमवार शाम आरोपी को रोपड़ रोड पर कार में 10.15 ग्राम हेरोइन के साथ दबोचा है।