सुबाथू में लगाया गया चेतावनी बोर्ड। संवाद
सैनिक क्षेत्र में कानून तोड़ने पर भी हो सकती है कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सुबाथू(सोलन)। सैनिक क्षेत्र सुबाथू में बिना हेलमेट दोपहिया वाहनों पर सफर करने वालों पर अब पुलिस ही नहीं बल्कि सेना के जवान भी शिकंजा कस रहे हैं। सुबाथू से धर्मपुर जाने वाले मार्ग पर सड़क की हालत काफी खराब है, जो दो पहिया वाहन चालकों के लिए बिना हेलमेट हादसे को अंजाम दे सकती है। इस मार्ग पर सेना की चेक पोस्ट पर जवानों की तैनाती रहती है। ऐसे में सेना के जवान तो यातायात नियमों का पूरी तरह से पालन करते हैं, लेकिन कुछ नागरिक सैनिक क्षेत्र में बिना हेलमेट तेज गति से चलते हैं। जिसके चलते दोपहिया वाहन चालकों के लिए सैनिक क्षेत्र में पूरी तरह से प्रतिबंध लग चुका है।
जवानों की माने तो सैनिक क्षेत्र में किसी तरह की कोई दुर्घटना न हो इसको लेकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले दो पहिया वाहनों को बिना हेलमेट सफर करने से रोका जा रहा है। सेना के अधिकारियों के आदेशानुसार सैनिक क्षेत्र में छावनी अधिनियम के अनुसार नियमों का पालन करवाने के लिए चेतावनी बोर्ड भी लगाए जा चुके हैं। अधिकारियों के आदेशानुसार अब ऐसे में अगर कोई नियमों को तोडता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही हो सकती है।