बिजेश्वर युवा मंडल ने पाया काबू
जंगल में सैकड़ों एकड़ वन संपदा को जलने से बताया
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। वन परिक्षेत्र कुठाड़ के बढ़यार के जंगल लगी आग पर बिजेश्वर युवा मंडल ने कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया। इससे जंगल में सैकड़ों एकड़ भूमि पर वन संपदा को राख होने से बचा लिया है।
क्षेत्र के जंगल में आग भड़क गई थी। आग को भड़कता देख युवा मंडल के सभी सदस्यों ने योजना तैयार की और मौके पर आग बुझाने के लिए चले गए। जंगल में पहुंचते ही सभी ने टीम भावना के साथ कार्य किया और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। हवा चलने के कारण युवा मंडल की टीम कई बार आग पर काबू पाने के लिए दिक्कत हुई। वहीं, क्लब के सदस्य आग की लपटों से भी कई बार बाल-बाल बचे। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और प्रयास जारी रखा।
इसके बाद देर रात आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। युवाओं ने भूख-प्यास की परवाह किए बिना आग पर काबू पा लिया। क्षेत्र के लोग युवा मंडल के ओर से किए गए प्रयास की प्रशंसा कर रहे हैं। गौर रहे कि कुठाड़ में वन परिक्षेत्र ऐसी जगह पर था जहां अग्निशमन विभाग नहीं पहुंच सकती थी। न ही कोई आग पर काबू पाने की तरकीब काम आ सकती थी। लेकिन युवाओं ने क्षेत्र की चिंता की और आग पर काबू पाने के लिए निकल पड़े। इन युवाओं में रोहित, मनीष, रोहन, राघव, सूरज, आशित, दुष्यंत, युगल, रजत, हेमंत, जितेंद्र, देवी चंद, राजिंद्र समेत अन्य युवा मौजूद थे।
इनसेट
बसाल के जंगल भी भड़की आग
शनिवार दोपहर करीब 3:00 बजे बसाल के जंगल में फिर आग भड़क गई। इसके बाद ग्रामीणों ने मौका संभाला और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन हवा के कारण आग लगातार भड़कती रही। इससे सैकड़ों हेक्टेयर भूमि पर वन संपदा राख हो गई। देर शाम तक ग्रामीण आग पर काबू पाने के लिए प्रयास करते रहे।