संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। अतिरिक्त उपायुक्त सोलन राहुल जैन की अध्यक्षता में जिले के सभी खंड विकास अधिकारियों के साथ विभिन्न विकास कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। राहुल जैन ने गत वर्ष 2024-25 के दौरान जिला में मनरेगा के तहत किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि वित्त वर्ष 2025-26 में भी अपनी प्रगति को बनाए रखें। उन्होंने निर्देश दिए कि विधायक व सांसद निधि और मनरेगा के तहत लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करवाएं । सभी खंड विकास अधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को ग्राम पंचायतों के लंबित कार्यों का निरीक्षण करने के निर्देश जारी करें। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिला के समस्त गांवों को खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) मॉडल बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में कूड़ा पृथकीकरण के लिए कम से कम एक शैड का निर्माण, सोखता गड्ढों का निर्माण, केंचुआ खाद के पिट और प्लास्टिक कचरे के लिए खंड स्तर पर स्थान चिन्हित करें। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना के लंबित आवासों की जियो टैगिंग करवान सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत उपयुक्त स्थल का चयन कर हिम ईरा दुकान के लिए भूमि का चयन किया जाए। बैठक में जिला के समस्त खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।