पर्यटन कारोबार को लग रहे पंख, भीड़ होने से कारोबार को लाभ
बाहरी राज्यों के पर्यटक धर्मपुर से शिमला कर रहे ट्रेन से सफर
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। विश्व धरोहर कालका-शिमला रेल मार्ग पर धर्मपुर से शिमला के लिए चलने वाली ट्रेन में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मौसम में सुधार के साथ पर्यटकों की आमद बढ़ने से रेलवे बोर्ड के साथ-साथ धर्मपुर के होटल कारोबार को भी लाभ मिल रहा है।
बाहरी राज्यों के पर्यटकों की सुविधा के लिए रेलवे बोर्ड ने चार सितंबर से इस ट्रेन का संचालन शुरू किया था। करीब 22 दिन बाद अब ट्रेन में यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। अयोध्या, वाराणसी, कोलकाता, चेन्नई और दिल्ली समेत कई शहरों से पर्यटक कालका रेलवे स्टेशन पहुंच रहे हैं। ट्रेन सुबह 7:50 बजे धर्मपुर से शिमला के लिए रवाना होती है।
कई पर्यटक ऑनलाइन टिकट बुक कर रहे हैं, जबकि कुछ रात को धर्मपुर में ठहरने के बाद सुबह स्टेशन से टिकट लेकर यात्रा कर रहे हैं। अब पर्यटक सीधे धर्मपुर स्टेशन पहुंचकर शिमला की यात्रा शुरू कर रहे हैं।
धर्मपुर रेलवे स्टेशन पर पर्यटक सेल्फी लेते भी नजर आ रहे हैं। यात्रियों ने बताया कि स्टेशन का वातावरण उन्हें काफी पसंद आया और ट्रेन से शिमला की यात्रा उनके लिए सुखद व यादगार अनुभव है।
पर्यटकों की बढ़ती संख्या से रेलवे को आर्थिक लाभ मिलने के साथ धर्मपुर के होटल कारोबारियों को भी फायदा हो रहा है। पर्यटकों के ठहराव और स्थानीय खरीदारी से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिल रहा है। ट्रेन के संचालन से धर्मपुर और शिमला के बीच पर्यटन गतिविधियों के साथ स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ने की उम्मीद है।