रविवार को सभी फुटपाथ पर रहता है तहबाजारियों का कब्जा, लोगों का चलना भी मुश्किल
कारोबारियों का आरोप, निगम तहबाजारियों पर नहीं करता कोई कार्रवाई न जांचता आईडी
अवांछित घटनाओं को दे रहे न्योता, फुटपाथ की जगह सड़क पर चल रहे राहगीर
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर में बढ़ रही तहबाजारियों की संख्या और अतिक्रमण शहर के कारोबारियों के लिए परेशानियों का कारण बनता जा रहा है। फुटपाथ पर बैठ कर सामान बेच रहे तहबाजारियों के कारण कारोबारियों का नुकसान हो रहा है। वहीं रविवार को तहबाजारियों का अतिक्रमण सबसे अधिक बढ़ जाता है। फुटपाथ पर तहबाजारियों का कब्जा रहता है और लोगों के लिए पैदल आना-जाना तक मुश्किल हो जाता है। वहीं नगर निगम सोलन भी इस ओर मौन होकर देख रहा है। शहर के कारोबारियों ने निगम पर आरोप लगाते हुए कहा है कि एमसी न तो तहबाजारियों पर अतिक्रमण करने के लिए कोई कार्रवाई करता है और न ही तहबाजारियों की किसी प्रकार की आईडी जांच हो रही है।
तहबाजारी शहर में कहीं भी अपनी रेहड़ी-फड़ी सजा कर अपने उत्पादों को बेचना शुरू कर देते हैं। ऐसे में लोगों के चलने के लिए जगह तक नहीं रहती है। मालरोड पर फुटपाथ पर तहबाजारियों का कब्जा होने के कारण लोगों को सड़कों पर उतरना पड़ रहा है, जिससे वाहनों की आवाजाही के बीच हादसे का खतरा भी बना रहता है। मां शूलिनी मेले के बाद से शहर में बढ़ रही तहबाजारियों की संख्या अवांछित घटनाओं को भी न्योता दे रहे हैं। वहीं इनपर कोई भी कार्रवाई न होने के कारण यह समस्या बढ़ती जा रही है। शहर में कारोबारी जहां किराया देकर अपनी दुकानों में सामान बेच रहे हैं, वहीं तहबाजारी कहीं भी रेहड़ी-फड़ी सजा रहे हैं। ऐसे में उनके कारोबार पर भी असर हो रहा है। शहर के व्यापार मंडल की ओर से कई बार तहबाजारियों की जांच करने और अतिक्रमण पर कार्रवाई करने के लिए निगम को कहा गया है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
इनसेट
नगर निगम की टीम तीसरे चौथे दिन मालरोड पर कार्रवाई करने आती है। इनकी ओर से कुछ चयनित दुकानों के चालान किए जाते हैं। तहबाजारियों को यह अनदेखा कर रहे हैं। निगम को तहबाजारियों पर कार्रवाई करने के लिए कहा जाए, तो भी सही से कार्रवाई नहीं होती है। - अजय सैगल सदस्य, व्यापार मंडल सोलन
इनसेट
नगर निगम की ओर से शहर में चयनित कारोबारियों पर कार्रवाई की जाती है। शहर में आ रहे तहबाजारियों की कोई आईडी जांच नहीं होती है। शहर में कोई भी आकर अपनी रेहड़ी-फड़ी लगा रहा है। निगम की टीम को यहां जल्द से जल्द तहबाजारियों की भी आईडी की जांच करनी चाहिए, ताकि अवांछित घटनाओं को समय रहते रोका जा सके। - हर्ष सैगल, अध्यक्ष, व्यापार मंडल सोलन
नियमित रूप से हो रही कार्रवाई
नगर निगम सोलन की ओर से तहबाजारियों पर नियमित रूप से कार्रवाई की जा रही है। सामान को दुकानों से बाहर रखने वाले कारोबारियों से लेकर रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों तक के ऊपर निगम कार्रवाई कर रहा है। चालान होने के बाद कुछ कारोबारियों की ओर से निगम पर आरोप लगाए जा रहे हैं। निगम सभी कारोबारियों व तहबाजारियों पर एक समान कार्रवाई कर रहा है। = गोपी सिंह
सहायक अभियंता ,नगर निगम सोलन