दाड़लाघाट (सोलन)। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दाड़लाघाट में चल रहे एनएसएस विशेष शिविर के तीसरे दिन स्वयंसेवकों ने सामुदायिक सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया। छात्रों ने गोद लिए गांव दाड़लाघाट के वार्ड-पांच का भ्रमण किया और स्वच्छ भारत के संदेश को जमीन पर उतारा। स्वयंसेवकों ने सक्रिय रूप से गांव के मुख्य जलस्रोत और विभिन्न रास्तों की सफाई की, जिससे पूरे गांव में स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संचार हुआ। इस दौरान छात्रों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी मूलभूत समस्याओं को समझने का प्रयास भी किया।एनएसएस टीम के इस उत्साहजनक कार्य से प्रेरित होकर, स्थानीय ग्रामीणों ने भी सामुदायिक सहयोग की मिसाल पेश की। ग्रामीणों ने सभी स्वयंसेवकों और शिक्षकों के लिए नाश्ते की व्यवस्था कर उनका स्वागत किया।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी विजय चंदेल और क्षमा शर्मा ने ग्रामीणों के इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के पारस्परिक सहयोग से विद्यालय और समुदाय के बीच के संबंध और मजबूत होते हैं और छात्रों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।