तीन लोगों पर पार्षदों के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़(सोलन)। नालागढ नप की बैठक की कार्यवाही को बाधित करने पर इनकी शिकायत पुलिस थाने में की गई है। नप ने इन लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
नप ने प्रस्ताव पारित करके नालागढ़ पुलिस को शिकायत पत्र भेजा है। जिसमें कहा गया कि बैठक में गगनदीप, विनोद शर्मा व अमित जैन नगर परिषद के बैठक कक्ष में जबरदस्ती घुस आए और लगभग 1 घंटे तक बैठक की कार्यवाही को बाधित किया। इन लोगों ने सभी नगर पार्षदों के साथ भी दुर्व्यवहार किया और पार्षदों को भविष्य में देख लेने की धमकी भी दी।
नप अध्यक्ष ने इन व्यक्तियों के विरुद्ध मामला दर्ज करने की मांग की। बैठक में कार्यकारी अधिकारी आरएस वर्मा एवं अमृतलाल भी उपस्थित थे। नप ने इन तीनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की पुलिस से मांग की है। उधर, डीएसपी प्रियंक गुप्ता ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को शिकायत मिली है। जिसके आधार पर इसकी जांच की जाएगी।