नगर निगम ने टीम की गठित, सख्त कार्रवाई करने की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। पेयजल डिफाॅल्टर जिन्होंने पानी के बिलों की पहली किस्त तो जमा करवाई है लेकिन दूसरी किस्त जमा नहीं करवा रहे हैं उनके खिलाफ निगम सख्त कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है। निगम की ओर से ऐसे डिफाॅल्टरों को नोटिस जारी कर दस दिन का समय दूसरी किस्त जमा करवाने के लिए दिया गया है। वहीं जिन डिफाॅल्टरों की तीसरी किस्त नहीं आई है उन्हें भी जल्द नोटिस जारी किए जाएंगे।
डिफाॅल्टरों को राहत देने के लिए नगर निगम ने किस्तों का प्रावधान किया गया था। जिन डिफाॅल्टरों के पास लाखों रुपये की राशि बकाया थी वे दो या तीन किस्तों में बिल जमा करवा सकते थे। दूसरी किस्त जमा करवाने के लिए डिफाॅल्टरों को एक महीने का समय दिया गया था। लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी डिफाॅल्टर किस्त जमा नहीं करवा रहे हैं। नोटिस के 10 दिनों के अंदर अगर बिल जमा नहीं करवाए जाएंगे तो निगम इन डिफाॅल्टरों के भी पानी के कनेक्शन काटेगा।
शहर में पानी के बिलों के 1500 के करीब डिफाॅल्टर हैं जिनके पास निगम की करोड़ों रुपये की राशि बकाया है। 97 सरकारी और निजी डिफाॅल्टरों के पानी के कनेक्शन काटे जा चुके हैं। अब बाकी बचे अन्य डिफाॅल्टरों के भी कनेक्शन काटने की तैयारी है। नगर निगम की एसडीओ अल्पना ठाकुर का कहना है कि दूसरी किस्त चुकाने के लिए आनाकानी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इनके पानी के कनेक्शन काटे जाएंगे। दोबारा कनेक्शन लगाने के लिए लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ेगा।