लंबे समय से रिक्त हैं दो पद, नियुक्ति को लेकर शिक्षा निदेशक से मिलेगी एसएमसी
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धर्मपुर में हिंदी और राजनीति विज्ञान के प्रवक्ताओं के पद लंबे समय से रिक्त होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) ने इस पर चिंता जताते हुए जल्द पद भरने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि विभाग ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो अभिभावकों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा। स्कूल की प्रधानाचार्या धर्मवीर कौर, एसएमसी अध्यक्ष ललित कुमार और उपाध्यक्ष संजीव बंसल ने बताया कि रिक्त पदों को भरवाने के लिए जल्द ही शिक्षा विभाग के निदेशक से मुलाकात की जाएगी। एसएमसी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष ललित कुमार ने कहा कि कार्यकारिणी के गठन के बाद सबसे पहले इस समस्या को प्राथमिकता के आधार पर उठाया गया है। उन्होंने कहा कि विभाग से आग्रह किया जाएगा कि दोनों विषयों के प्रवक्ताओं की नियुक्ति जल्द की जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। उन्होंने बताया कि स्कूल प्रशासन पहले भी इस संबंध में उच्च अधिकारियों को कई बार पत्र लिख चुका है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है। इससे अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है। अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने सरकार और शिक्षा विभाग से जल्द रिक्त पद भरने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो एसएमसी और अभिभावक आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। प्रधानाचार्या धर्मवीर कौर ने बताया कि विद्यालय में वर्तमान में दो महत्वपूर्ण पद रिक्त हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अभिभावक भी लगातार इन पदों को भरने की मांग कर रहे हैं।